भुवनेश्वर में सिविल एविएशन सिक्योरिटी ट्रेनिंग कैंप का उद्घाटन

  • Feb 10, 2026
Khabar East:Civil-Aviation-Security-Training-Camp-Inaugurated-In-Bhubaneswar
भुवनेश्वर,10 फरवरीः

बीजू पटनायक राज्य पुलिस अकादमी (बीपीएसपीए), भुवनेश्वर में मंगलवार को दो सप्ताह का सिविल एविएशन सिक्योरिटी ट्रेनिंग कैंप (नागरिक उड्डयन सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर) का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारसुगुड़ा, राउरकेला, जैपुर (कोरापुट) और उत्केला (कलाहांडी) हवाई अड्डों पर तैनात 40 पुलिस सुरक्षा कर्मी भाग ले रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य विमानन सुरक्षा की तैयारियों को मजबूत करना और सुरक्षा कर्मियों की कार्यक्षमता एवं परिचालन दक्षता में वृद्धि करना है।

 प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए संजय कुमार ने सुरक्षा दायित्वों के निर्वहन में समर्पण और पेशेवर दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अनुकरणीय मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के क्षेत्रीय निदेशक प्रदीप बक्सला ने विमानन सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी और हवाई अड्डा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

 उद्घाटन सत्र में ओडिशा सरकार के वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के विशेष सचिव एवं नागरिक उड्डयन निदेशक देवदत्त सुरंजीत जेना भी उपस्थित रहे। इसके अलावा एसपी यूएस मिश्रा और विमानन सलाहकार सुरेश चंद्र होता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन उप कमांडेंट ललितेंदु मोहंती द्वारा किया जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: