ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने मंगलवार को राज्य के नागरिकों से रिश्वत न देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि सरकारी सेवाएं बिना भ्रष्टाचार के उपलब्ध कराई जाएंगी। मीडिया से बातचीत में मंत्री पुजारी ने कहा कि कानून के तहत रिश्वत देने और लेने वाले दोनों ही समान रूप से दोषी माने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को अपना काम कराने के लिए पैसे नहीं देने चाहिए। मैं ओडिशा के सभी नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपका काम भले ही कुछ समय ले, लेकिन किसी को रिश्वत न दें।
मंत्री ने बताया कि नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराने या सहायता प्राप्त करने के लिए कई माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोग भुवनेश्वर में उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं, व्हाट्सएप या टेलीफोन के माध्यम से भी अपनी बात रख सकते हैं। यहां तक कि अगर कोई मिस्ड कॉल भी देता है, तो मैं स्वयं वापस कॉल करूंगा। इन माध्यमों से शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सतर्कता (विजिलेंस) विभाग की सक्रिय भूमिका की सराहना की।
मंत्री पुजारी ने कहा कि रिश्वतखोरी में शामिल कई सरकारी अधिकारी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। विजिलेंस विभाग बेहतरीन काम कर रहा है और हमारी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है।
उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी तुरंत सूचना दें। यदि मामला राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़ा है तो शिकायत सीधे मुझे भेजी जा सकती है, अन्यथा विजिलेंस विभाग को सूचित करें।
मंत्री की यह अपील पारदर्शिता को बढ़ावा देने, सरकारी सेवाओं की प्रभावी आपूर्ति सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार विरोधी उपायों में जनता के विश्वास को मजबूत करने के व्यापक अभियान का हिस्सा है।