लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने मारी गोली, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

  • Dec 04, 2021
Khabar East:Criminals-shot-for-opposing-the-robbery-one-died-the-other-was-in-critical-condition
भोजपुर,04 दिसंबरः

भोजपुर में शनिवार सुबह लूट का विरोध करने पर हथियारबंद अपराधियों ने स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर के भतीजे समेत दो को गोली मार दी। इसमें स्पेशल ब्रांच इंस्पेक्टर के भतीजे की मौत हो गई। गोली उसके दाहिने साइड कंधे में मारी गई है। आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि, उसके दोस्त की स्थिति गंभीर है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, मृतक कौंरा गांव वार्ड नंबर 6 निवासी स्व.ददन सिंह उर्फ पृथ्वीराज सिंह का 32 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ पतवारी है। वह पेशे से किसान था और गांव पर ही रहकर खेती करता था। जबकि, जख्मी उसी गांव के बृज बिहारी सिंह उर्फ बिजन सिंह के 45 वर्षीय पुत्र शांति भूषण सिंह उर्फ सुनील सिंह है। घायल सुनील सिंह ने बताया, 'दोनों अपने घर से खेत में काम करने जा रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधी आए और चेन लूटने लगे। जब इसका विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने ताबड़तोड फायरिंग कर दी। इसमें दोनों को गोली लग गई।' सुनील सिंह के भतीजे आनंद सिंह ने बताया, 'कौंरा गांव में अपराधी एक युवक से बाइक लूट रहे थे। दोनों ने उसका विरोध किया तो गोली मार दी। जिससे प्रिंस कुमार उर्फ पतवारी की मौत हो गई। जबकि, उसके चाचा जख्मी हो गए।'

 इधर, इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया, 'सुनील को एक गोली बाएं साइड सीने में लगी है। अंदर फंसी है और दूसरी गोली उसके बाएं हाथ की कलाई से ऊपर लगी है, जो आर-पार हो गई है। गोली लगने से काफी खून बह गया था और स्थिति भी काफी नाजुक है। ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। बावजूद इसके उसे 72 घंटों तक निगरानी में रखा जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: