पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक गिरने से जाजपुर जिले के 75 वर्षीय श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान जाजपुर जिले के बिंझारपुर थाना क्षेत्र के अलारपुर गांव निवासी नीलकंठ दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के दौरान नीलकंठ दास की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े।
मौके पर तैनात मंदिर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें मंदिर परिसर स्थित प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नीलकंठ दास पहले से ही हृदय और फेफड़ों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। पुलिस ने बताया कि यही उनकी मौत का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।
नीलकंठ दास की पत्नी भी उनके साथ दर्शन के लिए मंदिर आई थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति को पहले से ही फेफड़ों और हृदय से संबंधित बीमारी थी।