ओडिशा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हरि बाबू कंभमपति ने फकीर मोहन विश्वविद्यालय के कुलपति के कार्यकाल को छह माह के लिए बढ़ा दिया है।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, नए कुलपति की नियुक्ति होने तक वर्तमान कुलपति का कार्यकाल बढ़ाया गया है। वर्तमान कुलपति प्रो. संतोष कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल पहले भी बढ़ाया जा चुका था और अब उसे पुनः छह माह के लिए विस्तार दिया गया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि ओडिशा विश्वविद्यालय अधिनियम, 1989 की धारा 6 की उप-धारा (6) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए माननीय कुलाधिपति को यह प्रसन्नता है कि फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालेश्वर के कुलपति प्रो. संतोष कुमार त्रिपाठी के कार्यकाल को 21.01.2026 से प्रभावी, आगामी छह माह की अवधि के लिए अथवा फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालेश्वर में नए कुलपति के कार्यभार ग्रहण करने तक या अगले आदेश तक—जो भी पहले हो—बढ़ाया जाता है।