टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

  • May 16, 2026
Khabar East:FIR-lodged-against-TMC-MP-Abhishek-Banerjee
कोलकाता,16 मईः

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में कोलकाता के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणियों का भी जिक्र है।

एफआईआर के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार ने 5 मई को चुनाव नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद यह शिकायत दर्ज कराई थी। सरकार ने बागूइहाटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी ने 27 अप्रैल से 3 मई के बीच आयोजित कई चुनावी कार्यक्रमों में भड़काऊ टिप्पणियां कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन भाषणों से वैमनस्य को बढ़ावा मिला। सार्वजनिक शांति भंग हुई और इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी धमकियां दी गईं।

सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार ने शिकायत के साथ कई भाषणों के लिंक भी जमा किए हैं। इस पर पुलिस ने 15 मई को दोपहर 2.45 बजे बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192, 196, 351(2) और 353(1)(c) के तहत और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(2) और 125 के तहत दर्ज किया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: