सुवर्णपुर पुलिस ने रविवार को नकली नोटों के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिनिका क्षेत्र से 4 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जाली नोट जब्त करने के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिनिका के अशोक नायक और अभिषेक होता तथा रेंगाली के जय नारायण बस्तिया के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सभी जब्त नोट 500 के मूल्यवर्ग के थे।
सुवर्णपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नारायण नायक ने बताया कि कल हमें सूचना मिली थी कि बिनिका क्षेत्र में कुछ लोग 500 के नकली नोट चलाकर लोगों को ठग रहे हैं। सूचना के आधार पर हमारी टीम ने छापा मारा और तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 800 से अधिक नकली नोट बरामद किए गए। जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख है।
एसपी ने आगे बताया कि आरोपियों ने पकड़े जाने से पहले ही लगभग 2 लाख के नकली नोट स्थानीय बाजार में चला दिए थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपियों ने बरगढ़ से 6 लाख के नकली नोट 1 लाख असली नोट देकर खरीदे थे।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।