सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि जारी करे सरकारः बाबूलाल मरांडी

  • Mar 16, 2025
Khabar East:Government-should-release-the-amount-of-Maina-Samman-Yojana-to-all-women-Babulal-Marandi
रांची,16 मार्चः

झारखंड सरकार की ओर से मंईयां सम्मान योजना की राशि जारी कर दी गई है। तीन महीने की बकाया राशि एक साथ लाभार्थियों के खाते में पहुंच रही है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर आरोप लगाया है कि 18 लाख महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान की राशि रोक दी गई है। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सीएम हेमंत सोरेन से सवाल भी किया है जिसके बाद जेएमएम की ओर से जवाब भी दिया गया है।

दरअसल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है कि "हेमंत सोरेन जी ने चुनाव से पहले 56 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि देने की घोषणा की थी, लेकिन सिर्फ 38 लाख को ही दी। हेमंत जी, बाकी 18 लाख महिलाओं ने आपका क्या बिगाड़ा है?"  

 बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा कि, "अभी मात्र 38 लाख महिलाओं के खाते में ही राशि भेजी जा रही है। शेष 18 लाख महिलाओं की राशि अपात्रता या तकनीकी बाधा या अन्य कारण बताकर रोक दी गई है। राज्य सरकार बहानेबाजी बंद कर सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि जारी करे, अन्यथा भाजपा महिलाओं के पक्ष में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।"

Author Image

Khabar East

  • Tags: