ओडिशा सरकार ने राज्य में होम्योपैथिक चिकित्सा को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नुआपड़ा और नयागढ़ में दो नए होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री माझी भुवनेश्वर स्थित डॉ. अभिन्न चंद्र होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हुईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और महत्व बढ़ गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि होम्योपैथी देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन पहले इसे उचित सम्मान नहीं मिल पाया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 नवंबर 2014 को आयुष को अलग मंत्रालय का दर्जा दिया था। इससे होम्योपैथी सहित भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को एक अलग पहचान और सम्मान मिला।
उन्होंने कहा कि देश के साथ-साथ ओडिशा में भी एलोपैथी और आयुर्वेद की तरह होम्योपैथी काफी लोकप्रिय है। हालांकि, इसके शिक्षा, अनुसंधान और गुणवत्ता विकास के लिए लगातार प्रयास करने की जरूरत है। इसके तहत शोध के मानकों, उपचार की सुरक्षा, क्लिनिकल अध्ययन और वैज्ञानिक प्रमाणों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
डॉ. अभिन्न चंद्र होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को ओडिशा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके बुनियादी ढांचे और शिक्षकों की उपलब्धता को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल राज्य में चार सरकारी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज हैं। नुआपड़ा और नयागढ़ में दो नए कॉलेज स्थापित करने के अलावा ढेंकानाल और ब्रह्मपुर में 50 बेड वाले एकीकृत आयुष अस्पतालों का निर्माण पूरा हो चुका है जहां जल्द ही स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी। वहीं, बालेश्वर में भी इसी तरह के 50 बेड वाले एकीकृत आयुष अस्पताल का निर्माण जारी है।
आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने सरकारी आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों के पीजी विद्यार्थियों तथा हाउस सर्जनों के स्टाइपेंड में वृद्धि की है। इसके अलावा ओडिशा होम्योपैथिक मेडिकल सर्विस कैडर, आयुर्वेदिक मेडिकल सर्विस कैडर और आयुष सहायक कैडर का पुनर्गठन कर उनके वेतनमान में संशोधन किया गया है। संविदा पर कार्यरत शिक्षकों, रीडरों और प्रोफेसरों के पारिश्रमिक में भी बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत के तहत विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य के 422 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को अपग्रेड किया गया है। इन केंद्रों पर आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दोनों तरह की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका संस्थान कोई साधारण संस्थान नहीं, बल्कि होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान है। उन्होंने कहा कि सरकार, शिक्षण संस्थानों, शोधकर्ताओं और डॉक्टरों के सामूहिक प्रयासों से ओडिशा चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन के लिए कॉलेज प्रशासन को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी से विज्ञान और अनुसंधान के आधार पर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित ओडिशा के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।