स्क्रब टाइफस की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग की कड़ी नजर

  • Sep 09, 2026
Khabar East:Health-Dept-Keeping-Close-Watch-On-Scrub-Typhus-Situation-Odisha-Minister
भुवनेश्वर,09 सितंबरः

ओडिशा सरकार राज्य में स्क्रब टाइफस की स्थिति पर लगातार करीबी नजर रख रही है और अब तक बीमारी का कोई भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए लोगों से कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

 मीडियाकर्मियों से बातचीत में महालिग ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्क्रब टाइफस की रोकथाम, निगरानी और प्रबंधन के लिए पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही, सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

 मंत्री ने कहा कि अब तक राज्य में स्क्रब टाइफस का कोई मामला पुष्ट नहीं हुआ है। संदिग्ध मामलों की ELISA जांच के परिणाम भी निगेटिव आए हैं। ओडिशा के लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

 अनुगुल जिले के पाल्हड़ा से सामने आए एक संदिग्ध मामले का जिक्र करते हुए महालिग ने बताया कि मरीज की ELISA जांच निगेटिव आई है, जिससे स्क्रब टाइफस संक्रमण की आशंका खारिज हो गई है।

 उन्होंने कहा कि विभाग ने निगरानी व्यवस्था और मजबूत कर दी है तथा स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध संक्रमण का जल्द पता लगाया जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

 मंत्री ने बताया कि सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को भी सतर्क रहने और सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: