झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

  • Nov 20, 2026
Khabar East:Heavy-rain-alert-for-several-districts-in-Jharkhand
रांची,20 नवंबरः

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का सीधा असर अब झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 20 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा। आसमान में घने बादल छाए रहने के साथ ही राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना जताई गई है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और यह 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। आज सुबह यह ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 110 किमी दक्षिण में केंद्रित था। यह तूफान आज दोपहर से पहले गोपालपुर के करीब उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करेगा।

 लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो झोंकों के साथ 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि, इस तूफान का मुख्य केंद्र ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके हैं, लेकिन इसके आउटर रेन क्लाउड बैंड के जमीन में प्रवेश करने से झारखंड में भी नमी बढ़ गई है। इसकी वजह से झारखंड में अगले दो दिनों तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, वज्रपात और दिन के तापमान में गिरावट का असर देखने को मिलेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: