मशहूर कवि, लेखक, गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर शनिवार को यहां ‘शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान’ (सोआ) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे, जहां उन्हें वर्ष 2025 का सोआ साहित्य सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अख्तर 29 नवंबर से शुरू हो रहे दो दिवसीय तीसरे सोआ साहित्य महोत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सोआ ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभंपति करेंगे।
सोआ साहित्य सम्मान इस वर्ष से प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत हर वर्ष साहित्य क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले किसी प्रतिष्ठित साहित्यकार को सम्मानित किया जाएगा।
एक वीडियो संदेश में अख्तर ने सोआ की यात्रा को लेकर खुशी व्यक्त की और कहा कि उन्हें सोआ साहित्य महोत्सव का हिस्सा बनकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और महोत्सव के सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
जावेद अख्तर सात पीढ़ियों से चली आ रही साहित्यिक परंपरा वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और 15 फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कारों के प्राप्तकर्ता हैं। उन्हें 1999 में पद्मश्री, 2007 में पद्मभूषण और 2014 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनकी काव्य रचनाएं ‘तरकश’ और ‘लावा’ आधुनिक हिंदी साहित्य की सर्वाधिक लोकप्रिय कृतियों में गिनी जाती हैं और इनका कई भारतीय व विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है।