सुंदरगढ़ में जिंदा पैंगोलिन बरामद, एक गिरफ्तार

  • Sep 01, 2026
Khabar East:Live-Pangolin-Rescued-In-Sundaragada-One-Arrested
सुंदरगढ़,01 सितंबरः

सुंदरगढ़ जिले में जिंदा पैंगोलिन के अवैध कारोबार में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से पैंगोलिन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लहुणीपड़ा थाना क्षेत्र के महुलता गांव निवासी 41 वर्षीय रायबू मुंडा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

 वन विभाग के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले बणईगढ़ वन रेंज अधिकारी यशोबंत सेठी को पैंगोलिन की अवैध तस्करी के संबंध में खुफिया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सहायक वन संरक्षक सुमित मोहंती और दुर्योधन जेरेई की निगरानी में गुप्त जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया।

सोमवार को वन विभाग की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर केनावेटा के पास एक कार को रोककर तलाशी ली। उस समय मुंडा कार में सवार था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अवैध कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि महुलता गांव के एक कृषि क्षेत्र में जिंदा पैंगोलिन को छिपाकर रखा गया है।

 इसके बाद वन विभाग की टीम आरोपी को बताए गए स्थान पर ले गई और खेत से पैंगोलिन को सुरक्षित बरामद कर लिया। बरामद पैंगोलिन की लंबाई करीब तीन फीट बताई गई है। जांच के बाद वन विभाग ने मुंडा को गिरफ्तार कर लिया।

रेंज अधिकारी यशोबंत सेठी ने मंगलवार को विभागीय कार्यालय में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा, क्योंकि पैंगोलिन के अवैध कारोबार में कुछ और लोगों के शामिल होने का संदेह है।

छापेमारी में बणईगढ़ रेंज अधिकारी ेवाशीष नायक, कुलीपोष रेंज अधिकारी शिव नारायण बेहरा, वनरक्षक ज्ञान रंजन मोहंती और अमित बेहरा, उत्कल केसरी राउत तथा रैपिड रिस्पॉन्स टीम के सदस्य शामिल थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: