पुरी पुलिस ने करीब दो वर्ष की जांच के बाद बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा के कई जिलों में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिलाओं को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान मानस रंजन जेना (45) के रूप में हुई है, जो बालेश्वर जिले के बालीपाल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडानानी गांव का निवासी है। जेना इंजीनियरिंग स्नातक है और बताया जा रहा है कि वह अपनी तकनीकी जानकारी का उपयोग कर महिलाओं से उगाही करता था।
पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब एक शिकायतकर्ता ने 14 सितंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे 5 सितंबर 2023 की रात करीब 9 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को पुरी पुलिस का इंस्पेक्टर बताया और धमकी दी कि यदि उसने 2.70 लाख रुपये नहीं दिए तो उसकी आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा।
सामाजिक बदनामी के डर से शिकायतकर्ता ने उसी दिन यूपीआई प्लेटफॉर्म के माध्यम से आरोपी के खाते में 1.34 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
शिकायत मिलने के बाद पुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर जेना की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है और कथित तौर पर अपनी शिक्षा व तकनीकी कौशल का इस्तेमाल कर लोगों को ठगता था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से पांच मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक, एक चेकबुक और 34 सिम कार्ड बरामद किए गए।
उगाही की रकम के वित्तीय लेन-देन का पता लगाने और किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।