मुख्यमंत्री मोहन माझी ने ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मनमोहन सामल के फिर से चुने जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। सीएम माझी ने सामल के नेतृत्व संगठनात्मक कौशल और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। माझी ने विश्वास व्यक्त किया कि सामल के नेतृत्व में, भाजपा संगठन और भी मजबूत होगा और ओडिशा के समृद्ध भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीएम माझी ने ट्वीट कर कहा कि ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में फिर से चुने जाने पर मनमोहन सामल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके दृढ़ नेतृत्व, चतुर संगठनात्मक कौशल और कार्यकर्ताओं के प्रति अपार समर्पण ने ओडिशा में भाजपा को एक नई पहचान दी है। मुझे दृढ़ विश्वास है कि आने वाले समय में आपके नेतृत्व में, भाजपा संगठन और भी मजबूत होगा और ओडिशा के समृद्ध भविष्य के लिए प्रेरणादायी होगा। मनमोहन सामल के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा ने ओडिशा में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।
सामल के फिर से राज्य भाजपा अध्यक्ष चुने जाने के बाद एक समारोह में बोलते हुए माझी ने 2024 के आम चुनावों और राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत में सामल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
माझी ने कहा कि जब मनमोहन सामल भाजपा के लिए काम करते हैं, तो यह पार्टी के लिए शुभ संकेत होता है। उन्होंने एनडीए सरकार के दौरान पार्टी का नेतृत्व किया और 2024 में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 21 में से 20 लोकसभा सीटें जीतने सहित उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
सीएम ने आगे कहा कि मनमोहन सामल के नेतृत्व में असंभव संभव हो जाता है। उनके मार्गदर्शन से हम ओडिशा को समृद्ध बनाएंगे। समय बलवान है और डबल इंजन वाली सरकार के साथ हम राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।