बिहार में मैट्रिक परीक्षा का परिणाम घोषित, 81.79 प्रतिशत विद्यार्थी पास

  • Mar 29, 2026
Khabar East:Matriculation-Exam-Results-Declared-in-Bihar-8179-Percent-of-Students-Pass
पटना,29 मार्चः

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से वर्ष 2026 की मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने नतीजे घोषित किए हैं। इस दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेन्दर और बीएसईबी अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के लिए 15.12 लाख परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 81.79 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने इस बार मैट्रिक की परीक्षा में सफलता हासिल की है। कुल 12 लाख 35 हजार 743 स्टूडेंट पास हुए हैं। इनमें छात्राओं का प्रतिशत अधिक है। इनमें 61390 छात्र और 634353 छात्राएं शामिल हैं। इस बार की परीक्षा में दो छात्राएं स्टेट टॉपर बनी हैं। सिमुलतला की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की सबरीन परवीन संयुक्त रूप से टॉपर बनी हैं। दोनों को 98.4 प्रतिशत यानी कुल 492 अंक आए हैं। टॉप 5 में 13 परीक्षार्थी हैं, जबकि 6-10 तक 126 परीक्षार्थी हैं।

 पहले नंबर पर जमुई की पुष्पांजलि और वैशाली की सबरीन परवीन हैं, वहीं दूसरे नंबर पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना हैं, जिन्होंने 489 अंक (97.8%) लाए हैं। तीसरे नंबर पर बक्सर की अनूपा कुमार और बेगूसराय के ओम कुमार हैं, जिनको 488 नंबर (97.6%) आए हैं। चौथे नंबर पर समस्तीपुर की ज्योति कुमारी, बांके के अनुभव कुमार और पूर्णिया के अंश राज हैं, जिनको 487 अंक (97.4%) आए हैं। वहीं पांचवें टॉपर बेगूसराय की प्रेरणा कुमार, भोजपुर की नसरीन परवीन, बेगूसराय के अवनीश कुमार, कैमूर के विकास कुमार गुप्ता और सहरसा के रुपेश कुमार शामिल हैं, जिन्हें 486 अंक (97.2%) हासिल हुए हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: