मिशन शक्ति के कर्मचारियों को 1 अप्रैल से मिलेंगी यूनिफॉर्म, पहचान पत्र व स्मार्टफोन

  • Feb 02, 2026
Khabar East:Mission-Shakti-Staff-To-Get-Uniforms-IDs--Smartphones-From-April-1
भुवनेश्वर,02 फरवरीः

मिशन शक्ति के सामुदायिक सहयोग कर्मचारियों को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए ओडिशा सरकार ने सोमवार को घोषणा की है कि 1 अप्रैल (उत्कल दिवस) से उन्हें यूनिफॉर्म, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे।

 उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिड़ा, जिनके पास मिशन शक्ति विभाग का भी प्रभार है, ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित सामुदायिक स्तर के कार्यकर्ताओं की मांग को पूरा करने के साथ-साथ राज्यभर में महिला-केंद्रित कार्यक्रमों के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करेगा।

 इस पहल के तहत कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (CRP) को स्मार्टफोन दिए जाएंगे, ताकि लखपति दीदी कार्यक्रम को समर्थन देने वाले प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म LokOS ऐप का व्यापक और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इस योजना से लगभग 46,000 सामुदायिक सहयोग कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिफॉर्म, आईडी कार्ड और स्मार्टफोन के वितरण से मिशन शक्ति कर्मियों की पहचान, कार्यक्षमता और डिजिटल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि नई डिजाइन की गई यूनिफॉर्म में ओड़िया शिल्प कला की विशेष झलक है, जो ओड़िया अस्मिता (ओड़िया गौरव) को दर्शाती है। परिधान के रंग और डिजाइन तत्व राज्य की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं।

 उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जमीनी स्तर पर महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा आजीविका संवर्धन और सामुदायिक सशक्तिकरण में मिशन शक्ति कर्मियों की भूमिका को और मजबूत करेगी।

 

Author Image

Khabar East

  • Tags: