राजनीति में आने के फैसले के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत राजनीतिक रूप से सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में निशांत कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के पटना स्थित आवास पर पार्टी के कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक की। निशांत कुमार आठ मार्च को जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में लगभग दो दर्जन विधायक मौजूद थे। बैठक में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए,वहीं एक दर्जन से अधिक युवा विधायकों की भी मौजूदगी रही। बैठक के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ जदयू को आगे मजबूत करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने युवा विधायकों के साथ अलग से संवाद करते हुए बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने और पार्टी संगठन में युवाओं की भागीदारी को और मजबूत करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया।
बताया जा रहा है कि इस बैठक का उद्देश्य पार्टी के भीतर नई ऊर्जा और समन्वय स्थापित करना था,ताकि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जा सके। खास तौर पर युवा नेतृत्व को आगे लाने और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई। राजनीति में सक्रिय होने से पूर्व निशांत कुमार की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसे जदयू के भीतर नई पीढ़ी की भूमिका को लेकर एक महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।