बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। इसी कड़ी में मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे। नितिन नवीन बीजेपी कोटे के जितने भी एमएलसी उम्मीदवार हैं, सभी के साथ भाजपा कार्यालय में बैठक करेंगे। खबर यह भी आ रही है कि संगठन के विस्तार आदि को लेकर भी बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। बिहार में संगठन का दायित्व कई नए लोगों को भी दिया गया है। बीजेपी के बिहार प्रभारी भी बदले हैं। चर्चा यह भी है कि कई प्रकोष्ठों में बदलाव किया जाना है। इसके साथ-साथ सेवा संकल्प का जो कार्यक्रम पूरे बिहार में चल रहा है, उसकी भी समीक्षा करेंगे लेकिन, सबसे अहम वर्तमान में बीजेपी के लिए एमएलसी चुनाव है।
बता दें कि एनडीए की ओर से आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे गए हैं, जिनमें चार पर बीजेपी और चार सीटों पर जदयू के कैंडिडेट हैं। निर्वाचन क्षेत्र की बात करें तो स्नातक सीट में बीजेपी के कैंडिडेट दरभंगा से सर्वेश कुमार और कोसी स्नातक से एनके यादव उम्मीदवार हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पटना से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक से डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह उम्मीदवार हैं।
इसके अलावा जदयू से स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पटना से नीरज कुमार, तिरहुत से अभिषेक झा उम्मीदवार हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र दरभंगा से डॉ. घनश्याम राय और सारण से आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया गया है।
हालांकि एनडीए में अनंत सिंह के कारण विवाद खड़ा हो गया है। अनंत सिंह पटना स्नातक क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का खुलेआम समर्थन किया है। ऐसे में एनडीए के तमाम नेता सिचुएशन को हैंडल करने में जुटे हैं।