ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम एशिया में फंसे ओड़िया लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ चर्चा की है। यह जानकारी कानून, लोक निर्माण और आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने रविवार को दी।
संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों से ओड़िया लोगों की निकासी को लेकर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए हरिचंदन ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय से चर्चा की है और बहुत जल्द हमारे राज्य के लोग सुरक्षित अपने घर लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय ने युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से प्रत्येक भारतीय नागरिक को निकालने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरी योजना तैयार कर ली है और सभी कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहे हैं। एक भी भारतीय पीछे नहीं छोड़ा जाएगा।
यह निकासी शनिवार को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए बड़े हमले के बाद शुरू की गई प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें रविवार तड़के ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई।
संयुक्त हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाए जाने से पश्चिम एशिया सहित कई देशों, यहां तक कि भारत में भी हवाई यात्रा गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
ओडिशा सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर फंसे सभी ओड़िया लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में जुटी है। मंत्री ने बताया कि तत्काल खतरे में मौजूद लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है और जल्द ही निकासी उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है।