चक्रवात प्रभावित जिलों में 96 प्रतिशत बिजली बहाल, 6,400 कर्मचारी तैनात

  • Nov 01, 2026
Khabar East:Odisha-Restores-Over-96-Power-Supply-In-Cyclone-Hit-Areas-64K-Personnel-Deployed
भुवनेश्वर,01 नवंबरः

ओडिशा में चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित आठ जिलों में 96 प्रतिशत से अधिक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के लिए 6,400 से अधिक कर्मचारी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क (I&PR) विभाग के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में सिंहदेव ने बताया कि बौध, मलकानगिरी और रायगढ़ा जिलों के साथ-साथ ब्रह्मपुर शहर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बिजली बहाली का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में तैनात टीमों के बीच समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। इस दौरान आम लोगों की सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

 उपमुख्यमंत्री के अनुसार, 1 नवंबर की सुबह 10 बजे तक नवरंगपुर जिले में 99.79 प्रतिशत, कोरापुट में 99.50 प्रतिशत, कंधमाल में 99.13 प्रतिशत और गजपति में 98.86 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल की जा चुकी थी।

 गंजाम और गजपति जिलों में 95.28 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इन दोनों जिलों में सभी 33 केवी फीडर और बिजली सबस्टेशनों को भी सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित शेष इलाकों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए गंजाम और गजपति जिलों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

 प्रभावित क्षेत्रों में बिजली सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए 6,400 से अधिक कर्मचारी मौके पर तैनात होकर बहाली कार्य में जुटे हुए हैं।

सिंहदेव ने कहा कि प्रशासन बिजली बहाली के साथ-साथ इस काम में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।

उन्होंने प्रभावित जिलों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयासों और समर्पण की सराहना की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: