ओडिशा सरकार ने शनिवार को इबोला वायरस रोग के संभावित प्रकोप को लेकर अपनी तैयारियों और एहतियाती उपायों की समीक्षा की। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने अधिकारियों को राज्य के एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत करने और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। लोक सेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में किसी भी संभावित इबोला स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों का आकलन किया गया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने एहतियाती उपायों, स्वास्थ्य ढांचे की उपलब्धता, आइसोलेशन सुविधाओं की तैयारी, दवाइयों और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी एयरपोर्ट्स पर सख्त स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संदिग्ध मामलों की जल्द पहचान, आइसोलेशन वार्ड की तैयारी तथा सुरक्षा उपकरणों और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में इबोला वायरस को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान तेज करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि घबराहट, अफवाहों और गलत सूचनाओं को रोका जा सके।
महालिंग ने कहा कि ओडिशा सरकार किसी भी संभावित स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक घबराहट से बचने और सतर्क व जागरूक रहने की अपील की।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की आयुक्त-सह-सचिव अस्वथी एस., राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध निदेशक डॉ. वृंदा डी., विशेष सचिव डॉ. बिजय महापात्र और डॉ. नीलकंठ मिश्रा, भुवनेश्वर एयरपोर्ट के डीजीएम (ऑपरेशन) उमाकांत पटेल, वरिष्ठ अधिकारी तथा जनस्वास्थ्य निदेशक उपस्थित थे।