देशभर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जा रहा है। इस साल महाशिवरात्रि पर महासिद्धि लक्ष्मी योग बन रहा है। जिससे भगवान शिव, माता पार्वती के साथ ही मां लक्ष्मी की कृपा भी भक्तों पर बरसेगी। भोले बाबा की कृपा पाने सुबह से ही श्रद्धालु शुद्ध जल, गाय का दूध, बेलपत्र, चंदन, धतूरा, फूल, धूप दीप लेकर शिव मंदिरों में पूजा अर्चना करने पहुंचने लगे। छत्तीसगढ़ के भी सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ नजर आ रही है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध श्री सिद्धबाबा मंदिर में ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लग गया। ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस प्राचीन मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं ने कठिन चढ़ाई तय की, लेकिन शिवभक्ति के उत्साह ने हर थकान को पीछे छोड़ दिया।
भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष रुद्राभिषेक कराया। शिवलिंग का दूध, दही, घी, शहद, बेलपत्र एवं पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति-भाव से ओतप्रोत श्रद्धालु मंत्रोच्चार के साथ पूजा में लीन नजर आए।मंदिर समिति की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए भोग एवं भंडारे की व्यवस्था की गई। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए समिति के सदस्यों ने कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की। स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस जवान तैनात किए गए।