बैकुंठपुर के जमगहना बाजार के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।एनएच-43 स्थित जमगहना मोड़ के पास सोमवार को दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन के चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सीएमएचओ का बोर्ड भी लगा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।