जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे एक बार फिर संदिग्ध जिंदा बम बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में भय का माहौल है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है। जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा नागुड़साई गांव में स्वर्णरेखा नदी के किनारे संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। पिछले तीन दिनों से ग्रामीण नदी किनारे भारी धातु जैसी वस्तु देख रहे थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का बम हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सेना टीम का नेतृत्व कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि यह वस्तु जिंदा बम (करीब 227 किलोग्राम) प्रतीत हो रही है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल बम के प्रकार, उसकी स्थिति और मारक क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद निर्देश मिलने पर इसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, डिफ्यूज कब किया जाएगा, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 मार्च को भी इसी क्षेत्र में मिले दो बम को बहरागोड़ा पुलिस की पहल पर सेना की टीम ने सफलतापूर्वक डिफ्यूज किया था। उस दौरान, सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए, बम को बालू की बोरियों से ढककर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया था।