बिहार में नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोजपा सांसद अरुण भारती,खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और मंत्री संजय सिंह ने डीप्टी सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। नीतीश कुमार ने अपनी तरफ से सीएम पद के लिए सम्राट चौधरी का नाम प्रस्तावित किया है। इधर, सीएम आवास आने-जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। सभी रास्तों पर बेरिकेडिंग कर दी गई है। मजिस्ट्रेट के साथ पुलिसकर्मी की भी तैनाती है। प्रशासन आज भी अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। सदर एसडीएम डीसीएलआर समेत कई आलाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा ले रहे हैं।
वहीं, सीएम आवास के बाहर जेडीयू नेता अनशन पर बैठे हैं। प्रदेश महासचिव अमरेंद्र दास त्रिलोक अनशन पर बैठे हुए है। त्रिलोक दास ने कहा जान दे दूंगा लेकिन, सीएम को दिल्ली नहीं जाने दूंगा। नीतीश कुमार के राज्यसभा नॉमिनेशन के बाद सीएम पद की कुर्सी को लेकर अटकलें तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर जेडीयू कार्यकर्ताओं में कल से ही नाराजगी देखी जा रही है। कल सीएम आवास से लेकर जेडीयू प्रदेश कार्यालय तक हंगामा होता रहा। कार्यकर्ताओं ने पोस्ट के माध्यम से नीतीश कुमार से अपील की है कि वे राज्यसभा जाने के फैसले पर पुनर्विचार करें। राजधानी पटना के सभी चौक-चौराहों के अलावा सीएम आवास के बाहर भी पोस्टर लगाए गए हैं।