सम्राट चौधरी ने मंगलवार शाम को लोकभवन पहुंचर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और राज्य में नई एनडीए सरकार के गठन का दावा पेश किया। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उनका यह दावा स्वीकार कर लिया है। बुधवार सुबह 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ बिहार की नई कैबिनेट के सदस्य भी शपथ लेंगे। बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में मंगलवार को अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई। उन्होंने इस बैठक में अपने इस्तीफे की औपचारिक घोषणा की और कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद वह लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही बिहार में एक राजनीतिक युग का अंत हो गया।
नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अब हाल ही में बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। नीतीश के इस्तीफे के बाद पटना में बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया। इसके बाद एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी उनके नाम पर मोहर लगी, जिसमें नीतीश कुमार भी शामिल थे।