पटना में 24 घंटे के अंदर दूसरा एनकाउंटर

  • May 19, 2026
Khabar East:Second-encounter-in-Patna-within-24-hours
पटना,19 मईः

बिहार में अपराधियों के खिलाफ सम्राट सरकार की पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी है। इस अभियान के तहत पटना पुलिस ने मंगलवार सुबह राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख कैश वैन लूटकांड में शामिल अपराधी का हाफ एनकाउंटर किया है। पुलिस की टीम ने अपराधियों के पास से लूट की राशि, महंगे मोबाइल फोन, हथियार और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है। यह मुठभेड़ पटना-मसौढी मार्ग पर गोपालपुर थाना क्षेत्र में उदयिनी गांव में हुई। पटना पुलिस के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने एक अपराधी को पैर में गोली मार कर घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 13 मई 2026, पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने सीएमएस कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। यह घटना पटना-मसौढ़ी मार्ग की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुई थी। वारदात के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया था।

 पुलिस के मुताबिक, टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद अपराधियों की पहचान की। इसके बाद लगातार कई दिनों तक अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई। इसी क्रम में पुलिस ने सूरज पांडे, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले में शामिल चौथे अपराधी नीतीश कुमार की जानकारी मिली, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।

 पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात नीतीश कुमार के ठिकाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए पहुंची। इस दौरान पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक गोली नीतीश कुमार के पैर में लगी. घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर नालंदा मे़डिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: