सोआ डीम्ड यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ वेटेरनरी साइंसेज एंड एनिमल हसबेंडरी (IVSAH) के वेटेरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स के डॉक्टरों की तुरंत कार्रवाई और सही समय पर इलाज से एक बछड़े की जान बच गई, जो रज संक्रांति के दिन 'हिट एंड रन' हादसे का शिकार हो गया था।
सड़क किनारे आराम कर रहे इस बछड़े को एक कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया और दर्द से कराहता रहा। उसकी पीड़ा देखकर स्थानीय निवासी उसकी मदद के लिए आगे आए। किसी ने वेटेरनरी क्लिनिकल कॉंम्प्लेक्स से संपर्क किया, जिसके बाद केंद्र ने तुरंत एक एम्बुलेंस भेजकर बछड़े को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. निरंजन साहू के अनुसार, समय पर और उचित उपचार मिलने के बाद बछड़े की हालत में तेजी से सुधार हुआ तथा उसने भोजन और पानी लेना शुरू कर दिया।
प्रो. साहू ने कहा, “ऐसे कई आवारा पशु, जो हिट-एंड-रन दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, नियमित रूप से वेटेरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स में उपचार के लिए लाए जाते हैं और अधिकांश स्वस्थ होकर लौटते हैं।”
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाह और तेज रफ्तार वाहन चालकों के कारण होती हैं।