छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक मानवीय और महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को NEET परीक्षा में शामिल होने की मंजूरी दी है। रविवार 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा में छात्र शामिल हो सकेगा। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने छात्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मामले की अर्जेंट सुनवाई की। छात्र की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने कोर्ट में एक अंतरिम आवेदन पेश कर अस्थायी जमानत या परीक्षा में बैठने की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।यह छात्र रायपुर के खमतराई थाने में दर्ज अपराध संख्या 430/2026 के तहत जेल में बंद है। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज है। छात्र के वकील ने अदालत को बताया कि छात्र का परीक्षा में शामिल होना बेहद जरूरी है और उसका परीक्षा केंद्र केंद्रीय विद्यालय, रायपुर तय किया गया है। याचिका के साथ छात्र का एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) भी कोर्ट के सामने पेश किया गया था।
सुनवाई के बाद चीफ जस्टिस ने रायपुर के पुलिस अधीक्षक और सेंट्रल जेल के अधीक्षक को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, 21 जून को आरोपी छात्र को कड़ी और उचित पुलिस सुरक्षा के बीच जेल से परीक्षा केंद्र केंद्रीय विद्यालय ले जाया जाएगा। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि छात्र तय समय पर अपनी परीक्षा में बैठ सके। जैसे ही परीक्षा समाप्त होगी, पुलिस टीम छात्र को तुरंत वापस रायपुर सेंट्रल जेल लेकर आएगी।
कोर्ट ने छात्र की पढ़ाई और तैयारी का भी ख्याल रखा है। हाईकोर्ट ने जेल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि जेल के नियमों के दायरे में रहते हुए छात्र को उसकी परीक्षा से जुड़ी जरूरी किताबें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह बचे हुए समय में अपनी तैयारी पूरी कर सके।