सूर्या हांसदा एनकाउंटर: जांच के लिए गोड्डा जाएगी भाजपा की सात सदस्यीय टीम

  • Aug 16, 2025
Khabar East:Surya-Hansda-encounter-Seven-member-BJP-team-will-go-to-Godda-for-investigation
गोड्डा,16 अगस्तः

सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को लेकर झारखंड में राजनीति गर्म है। भाजपा और दूसरी विपक्षी पार्टियां लगातार इस पर सवाल उठा रही हैं। वहीं इस मामले की जांच के लिए अब भाजपा ने सात सदस्यीय टीम भी गठित कर दी है। इस जांच दल का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे। गोड्डा भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा और मीडिया प्रभारी बिमंत साह ने जानकारी इसकी जानकारी दी है। साथ ही भाजपा द्वारा प्रेस रिलीज भी जारी की गई है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा गठित यह जांच टीम 17 अगस्त को सूर्या हांसदा के डकट ललमटिया स्थित घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेगा और पूरी घटना की जानकारी भी जुटाएगा। पार्टी के अनुसार सूर्या हांसदा का एनकाउंटर नहीं बल्कि मर्डर किया गया है। भाजपा के कई शीर्ष नेता और तीन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और चंपाई सोरेन पहले ही एनकाउंटर पर सवाल उठा चुके हैं। अब भाजपा की ये जांच टीम सूर्या हांसदा के पुलिस मुठभेड़ के सही तथ्यों का पता लगाने के लिए गोड्डा जिले का दौरा करेगी। गठित टीम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल, पूर्व विधायक रणधीर सिंह और अनीता सोरेन शामिल हैं।

 गौरतलब है कि कई पार्टियों से चुनाव लड़ चुके और दो दर्जन आपराधिक मामलों में संलिप्त सूर्या हांसदा 11 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। इस मुठभेड़ पर राजनीतिक दलों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। मालूम हो कि सूर्या हांसदा बोरियो विधानसभा से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं। बाबूलाल मरांडी की पुरानी पार्टी जेवीएम से दो बार और भाजपा से एक बार वे चुनाव लड़े थे। इसके अलावा पिछला चुनाव उन्होंने जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम से लड़ा था।

Author Image

Khabar East

  • Tags: