79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एतिहासिक मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर राज्य के मुख्य सचिव, गृहसचिव और डीजीपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल ने इस दौरान विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर उन्हें याद करते हुए की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे लोकसभा में लंबे समय तक मेरे साथ रहे उनका जीवन जनजातीय अस्मिता एवं सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा। राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने राज्य सरकार के द्वारा हाल के दिनों में किए गए कार्यों और उपलब्धि को जनता के बीच रखी।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को रोकने के लिए और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। अब तक 197 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं 17 नक्सली मारे गए हैं और 10 आत्मसमर्पण किए हैं। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के किसानों की आय में वृद्धि और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से मत्स्य उत्पादन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य मत्स्य मित्र एवं मत्स्य बीज उत्पादकों के माध्यम से लगभग 1275 करोड़ मत्स्य बीज के उत्पादन की ओर अग्रसर है। वर्ष 2024-25 में राज्य में 3।5 लाख मीट्रिक टन से अधिक मछली का उत्पादन हुआ है।