बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने तीन नए विभागों का गठन किया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, उच्च शिक्षा और सिविल विमानन। इन विभागों को कैबिनेट से भी स्वीकृति मिल गई है। अब मुख्यमंत्री ने इन विभागों की जिम्मेदारी मंत्रियों को दे दी है। सीएम नीतीश कुमार ने सिविल विमान विभाग अपने पास रखा है। श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का जिम्मा दिया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने नए विभागों के मंत्रियों के बारे में अधिसूचना जारी की है।
अब नए विभागों के बंटवारा के बाद नीतीश सरकार में जदयू कोटे से मंत्री सुनील कुमार के पास अब कुल 3 विभाग हैं। शिक्षा के अलावा सुनील कुमार विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री का जिम्मा पहले से संभाल रहे हैं। उन्हें अब उच्च शिक्षा विभाग भी मिल गया है।
भाजपा कोटे से मंत्री संजय सिंह टाइगर के पास अब कुल दो विभाग हो गए हैं। संजय टाइगर के पास श्रम संसाधन विभाग पहले से था, जिसका हाल ही में नाम बदलकर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग किया गया है। अब उन्हें युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का मंत्री भी बना दिया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन विभाग पहले से है। अब उनके पास सिविल विमानन विभाग भी आ गया है। 20 साल में पहली बार मुख्यमंत्री ने गृह विभाग बीजेपी को दे दिया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास ही गृह विभाग है।
एक करोड़ नौकरी और रोजगार को लेकर नीतीश कुमार ने नए विभागों का गठन किया है। सचिव के साथ कई अधिकारियों की तैनाती भी तीनों नए विभाग में कर दी है। तीनों विभागों की क्या जिम्मेदारी है, उसकी भी अधिसूचना मंत्रिमंडल सचिवालय के तरफ से पहले ही जारी की गई है।