रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुरी पुलिस ने मंगलवार को विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें विशेष पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन और शटल बस सेवाओं की घोषणा की गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को बड़दांड (ग्रैंड रोड) तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह एडवाइजरी भुवनेश्वर, ब्रह्मगिरि और कोणार्क की ओर से आने वाले दोपहिया, चारपहिया और नियमित बसों की आवाजाही को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। ओल्ड जगन्नाथ बल्लभ, माटीतोटा खेल मैदान, माटीतोटा हेलिपैड, तलबनिया, समंगा, श्रीसेतु और स्टर्लिंग में विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। किसी पार्किंग स्थल के भरने पर वाहनों को क्रमवार अगले पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा।
दोपहिया वाहनों के लिए व्यवस्था
ब्रह्मगिरि की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन मंगलाघाट होते हुए ओल्ड जगन्नाथ बल्लभ पार्किंग और माटीतोटा खेल मैदान तक जा सकेंगे। इसके बाद उन्हें श्रीसेतु के रास्ते माटीतोटा हेलिपैड मैदान की ओर भेजा जाएगा।
भुवनेश्वर की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
कोणार्क की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन ग्रिड स्टेशन, भूदान चौक और सिटी रोड होते हुए ब्लू फ्लैग बीच और नीलाचल अशोक पार्किंग तक जा सकेंगे।
चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग
भुवनेश्वर से आने वाले हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) तलबनिया क्षेत्र के भूदान पार्किंग, ओएलए गेस्ट हाउस, हेलिपैड, आईटीआई कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, इंडोर स्टेडियम, हॉर्टिकल्चर मैदान और हाइजीनिक फिश मार्केट में पार्क किए जाएंगे।
इन पार्किंग स्थलों के भर जाने पर वाहनों को श्रीसेतु, स्टर्लिंग चौक और अंत में समंगा पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ब्रह्मगिरि से आने वाले चारपहिया वाहनों को सीधे समंगा पार्किंग भेजा जाएगा, जबकि कोणार्क से आने वाले वाहनों को भी तलबानिया क्षेत्र की पार्किंग में क्रमवार खड़ा किया जाएगा।
बसों के लिए विशेष व्यवस्था
भुवनेश्वर और कोणार्क से आने वाली नियमित बसें निर्धारित मार्ग से तलबनिया बस स्टैंड तक संचालित होंगी। वहीं ब्रह्मगिरि से आने वाली बसों का अंतिम पड़ाव समंगा पार्किंग होगा।
यदि तलबनिया बस पार्किंग पूरी तरह भर जाती है, तो बसें यात्रियों को भूदान चौक के पास उतारने के बाद स्वामीनारायण मंदिर के निकट निर्धारित पार्किंग स्थल पर चली जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा
पार्किंग स्थलों से मंदिर क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष शटल बस सेवा की व्यवस्था की गई है।
तलबनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेलिपैड चौक से राम मंदिर चौक तक शटल बस चलेगी।
समंगा पार्किंग से श्रीसेतु ओवरब्रिज और स्टर्लिंग चौक तक भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा स्टर्लिंग चौक से लाइटहाउस चौक के बीच अलग शटल सेवा संचालित की जाएगी।
पुरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें तथा ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि रथ यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और जाम की स्थिति से बचा जा सके।