दो उभरते खिलाड़ियों की सड़क हादसे में मौत, सीएम ने जताया शोक

  • Oct 22, 2026
Khabar East:Two-Young-Athletes-Die-In-Road-Mishap-Near-Nakhara-CM-Majhi-Condoles-Deaths
भुवनेश्वर,22 अक्टूबरः

ओडिशा के दो होनहार युवा खिलाड़ियों की बुधवार देर रात कटक-भुवनेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर फुलनखरा के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान मृत्युम जयराम डोंडापति और मलय बारिक के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10.30 बजे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद दोनों को तुरंत कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृत्युम डोंडापति और मलय बारिक भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) में प्रशिक्षण ले रहे थे। इस दोहरी दुखद घटना से ओडिशा के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। खेल समुदाय ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

 गौरतलब है कि मृत्युम डोंडापति भारत के उभरते हुए युवा धावकों में शामिल थे। उन्होंने वर्ष 2025 में आयोजित इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। वहीं, मलय बारिक 400 मीटर दौड़ के प्रतिभाशाली धावक थे और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।

 मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दोनों खिलाड़ियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ने दो उभरती प्रतिभाओं को खो दिया है।

 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री माझी ने लिखा- मृत्युम जयराम डोंडापति और मलय बारिक के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका असमय चले जाना ओडिशा के खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को चिरशांति दें।

 राज्य के खेल मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि ओडिशा के युवा खेल सितारों मृत्युम जयराम डोंडापति और मलय बारिक के कल सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन की दुखद खबर से हम बेहद मर्माहत हैं। इस दुख की घड़ी में भगवान जगन्नाथ उनके परिवार के सदस्यों को सांत्वना और अपार शक्ति प्रदान करें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: