ओडिशा विजिलेंस ने बुधवार को संबलपुर जिले के लाइडा स्थित दुटिका साहू कॉलेज के पूर्व प्रभारी प्राचार्य और वर्तमान राजनीति विज्ञान व्याख्याता डॉ. बसंत कुमार नायक को 73.44 लाख रुपये के सरकारी धन के कथित गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वर्ष 2019-20 से 2024-25 के दौरान उनके कार्यकाल में सरकारी धन की हेराफेरी की गई।
विजिलेंस की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, नायक पर कॉलेज में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए स्वीकृत धनराशि का कथित रूप से गबन करने का आरोप है। बताया गया है कि संबंधित कार्य जमीन पर कराए बिना ही राशि का इस्तेमाल कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी बिल तैयार किए और स्वीकृत राशि के तहत संस्थागत उपकरणों की खरीद और प्राप्ति दिखायी, जबकि जांचकर्ताओं के अनुसार ये उपकरण कॉलेज को मिले ही नहीं थे।
जांच में कॉलेज में ऑटोमेशन और डिजिटल मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर लागू करने के नाम पर मिली सरकारी अनुदान राशि के कथित तौर पर दूसरे काम में इस्तेमाल किए जाने का भी खुलासा हुआ।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किए गए नायक को बाद में संबलपुर के विशेष विजिलेंस न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया।
इस मामले में नायक के खिलाफ संबलपुर विजिलेंस थाना केस नंबर 13/2026 दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ए) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 316(5) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच जारी है।