रांची नगर निगम चुनाव के लिए कल होगा मतदान

  • Feb 22, 2026
Khabar East:Voting-for-Ranchi-Municipal-Corporation-elections-will-be-held-tomorrow
रांची,22 फरवरीः

रांची नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम से पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित बूथों के लिए रवाना हो गई। पूरे परिसर में सुबह से ही हलचल देखने को मिली, जहां मतदान कर्मियों को सुव्यवस्थित ढंग से उनके गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई थीं, जिससे वितरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। बिरसा मुंडा स्टेडियम में पोलिंग पार्टियों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के लिए उनके क्रमांक के अनुसार कुर्सियां लगाई गई थीं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मतदान सामग्रियों के वितरण के दौरान भी प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि वितरण प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई और सभी पोलिंग पार्टियां सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो गईं।

 रांची नगर निगम क्षेत्र में इस बार कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सोमवार को होने वाले मतदान में राज्य भऱ में शहर सरकार के गठन के लिए 43.33 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं में युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों की संख्या भी उल्लेखनीय है। प्रशासन की ओर से लोगों से निर्भीक और निष्पक्ष मतदान करने की अपील की गई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: