केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आरोप लगाया कि घुसपैठ इतनी बढ़ गई है कि बंगाल का वजूद खतरे में है। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर पश्चिम बंगाल को अराजकता की स्थिति में पहुंचाने का भी आरोप लगाया, जहां लगभग हर दिन गोलीबारी और बमबारी की घटनाएं होती हैं। शाह ने कहा कि बंगाल में हर जगह एक तूफान चल रहा है। यह तूफान है पोरिबोर्तन (बदलाव) और ममता बनर्जी को अलविदा कहने का।
उन्होंने लोगों से बीजेपी उम्मीदवारों को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में हर जगह भ्रष्टाचार है। हर जगह सिंडिकेट राज है। कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और दूसरों के सपनों का सोनार बांग्ला (सुनहरा बंगाल) लाने का समय आ गया है। शाह ने पार्टी के भवानीपुर उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले रैली को संबोधित किया।