भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को ओडिशा के चार जिलों में अगले 24 घंटे के लिए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
दोपहर 1:30 बजे जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर और भद्रक जिलों के कुछ स्थानों पर बिजली के साथ गरज-चमक और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
मौमस विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने और तूफान के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
इन चार जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश एक-दो स्थानों पर हो सकती है, जबकि इसी अवधि में ओडिशा के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च से 16 मार्च तक पूरे राज्य में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है।
तापमान की बात करें तो राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भिन्नता दर्ज की गई। झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 37.6°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं रायगड़ा में न्यूनतम तापमान 17.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा।
कुछ तटीय जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा, जबकि अंतर्देशीय ओडिशा के कई इलाकों में यह सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। कई अंदरूनी जिलों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहा।
भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 35°C और न्यूनतम तापमान करीब 23°C रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले पांच दिनों तक ओडिशा तट पर मछुआरों के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।️