छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती टाइगर रिजर्व नेशनल पार्क इलाके में माओवादियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में 1 पुरुष माओवादी का शव व हथियार बरामद किया गया है। इस मुठभेड़ की जानकारी बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने दी है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि नेशनल पार्क एरिया में माओवादियों के बड़े कैडरों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबल के जवानों की संयुक्त टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। सर्चिंग के दौरान जवानों और माओवादियों के बीच 04 जुलाई से रुक रुककर मुठभेड़ जारी रही।
बस्तर आई जी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्चिंग करने पर जवानों ने 1 वर्दीधारी माओवादी के शव को बरामद किया है। वहीं घटना स्थल से 1 हथियार भी बरामद किया है। इलाके में जवानों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि अभियान अब भी जारी है, इसलिए अभियान पूरा होने के बाद पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। यह मुठभेड़ नक्सलियों के खिलाफ चल रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा है। बारिश के मौसम में भी सुरक्षा बल के जवान जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
आपको बता दें कि 31 मार्च 2026 तक बस्तर सहित पूरे भारत देश से माओवाद के खात्मे की डेडलाइन तय होने के बाद हर मौसम में जवानों का सर्चिंग अभियान जारी है।