अब पटना में नहीं चलेंगे कोचिंग सेंटर, शहर के बाहर बनेगा हब

  • Jun 19, 2026
Khabar East:Coaching-centers-will-no-longer-operate-in-Patna-a-hub-will-be-developed-outside-the-city
पटना,19 जूनः

पटना में खान सर और रौशन आनंद के बीच चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा संकेत दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पटना में चल रहे कोचिंग संस्थानों के लिए एक अलग और व्यवस्थित केंद्र विकसित किया जाएगा। इसके लिए कोचिंग संस्थानों को शहर से बाहर बसाने की योजना पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। ऐसे में कोचिंग संस्थानों को भी बेहतर माहौल और सुविधाएं मिलनी चाहिए।नगर विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों का एक ऑर्गनाइज्ड सेंटर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर एक स्थान पर स्थापित किया जाए। सरकार वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इससे छात्रों को भी बेहतर माहौल मिलेगा और ट्रैफिक व भीड़ की समस्या भी कम होगी।

 मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग को निर्देश दिया कि पटना के सभी वार्डों में आधुनिक सब्जी हाट विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जहां दूध, सब्जी, मछली और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें एक ही जगह उपलब्ध हों। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और बाजार व्यवस्था भी बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री ने शहरवासियों से अपने घरों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के जरिए गंदे पानी को साफ किया जाएगा। इससे गंगा नदी में गंदगी जाने से रोका जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी सड़क या नाला निर्माण के दौरान तोड़ा गया है, उसे बारिश से पहले ठीक कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात खत्म होने तक नई परियोजनाओं की शुरुआत नहीं की जाए। इससे आम लोगों को कम परेशानी होगी और शहर की व्यवस्था बनी रहेगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: