हजारीबाग पहुंचे देवेंद्र महतो, समर्थकों ने किया स्वागत

  • Aug 26, 2026
Khabar East:Devendra-Mahto-arrived-in-Hazaribagh-supporters-welcomed-him
हजारीबाग,26 अगस्तः

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्राके तहत जेएलकेएम नेता एवं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो हजारीबाग पहुंचे हैं। हजारीबाग पहुंचने पर समर्थकों और छात्रों ने उनका स्वागत किया। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से छात्र अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे है। इसी को लेकर जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती व्यवस्था में सुधार,पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग के साथ 24 जिलों की यात्रा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों के बीच पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर संवाद करना और उनकी आवाज को मजबूत करना है। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा।

 देवेंद्र नाथ महतो ने छात्रों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए चलाए जा रहे इस अभियान से अधिक संख्या में जुड़े। युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी।  जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। हजारीबाग में यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई।

 देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं,बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा अभियान है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने अधिकार और भविष्य की लड़ाई में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा अब झारखंड के अन्य जिलों की ओर आगे बढ़ेगी,जहां छात्रों और अभिभावकों से संवाद कर जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: