रबड़ गोदाम में भीषण आग, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

  • Oct 10, 2026
Khabar East:Massive-fire-at-rubber-warehouse-one-person-critically-injured
हावड़ा,10 अक्टूबरः

हावड़ा के चटर्जीहाट थाना क्षेत्र में स्थित एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना शनिवार सुबह की बताई जाती है। चटर्जी हाट के नतून रास्ता इलाके में स्थित एक मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने घायल व्यक्ति को हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मकान के निचले हिस्से में रबर का गोदाम होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल के तीन इंजन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो मंजिला मकान के निचले हिस्से में रबर का गोदाम है। ऊपरी मंजिल पर मकान मालिक अपने परिवार के सदस्यों के साथ रहते हैं। अगलगी की इस घटना में परिवार का ही एक सदस्य घायल हो गया है। हालांकि अभी तक घायल के नाम या उसकी पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगलगी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 मकान में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। इस आगजनी की घटना की वजह से इलाके में भारी दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों ने दमकलकर्मी पर मौके पर काफी देर से पहुंचने का आरोप लगाया। दावा किया जा रहा है कि चूंकि मकान के नीचले तल पर एक रबर का गोदाम था। इस वजह से आग बहुत तेजी से फैल गई। इस भीषण आग की वजह से मकान को कितना नुकसान पहुंचा है, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। बताया जाता है कि पुलिस और दमकल विभाग मिलकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: