बागेश्वर बाबा की फोटो जलाकर विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

  • Sep 11, 2026
Khabar East:Order-issued-for-action-against-those-protesting-by-burning-Bageshwar-Babas-photograph
कोलकाता,11 सितंबरः

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी के विरोध में भवानीपुर थाना के सामने प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस बाबत कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंद से शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बागेश्वर बाबाकी फोटो को जलाकर जिन लोगों ने प्रदर्शन किया है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार करना होगा।

 विधानसभा में कॉलेज और विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों व शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति से जुड़े विधेयक के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लिलुआ में एक संत आए थे। उन्होंने अपने तरीके से राष्ट्रवाद और देशभक्ति की बात कही।

जिन्हें स्वीकार करना है, वे स्वीकार करें और जिन्हें स्वीकार नहीं करना है, वे न करें। वह किसी पर कुछ थोपना नहीं चाहते थे। भवानीपुर थाना के सामने उनकी फोटो जलाई गई। मैंने पुलिस कमिश्नर (सीपी) से कहा कि इन लोगों को गिरफ्तार करना होगा।

 उन्होंने आगे कहा कि अब तुष्टीकरण की राजनीति और नहीं चलेगी। अब इस राज्य में यह सब नहीं चलेगा। विपक्ष का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण करने की वजह से आपकी संख्या आज इस स्थिति तक पहुंच गई है। उसमें भी चार हिस्से हैं। वहीं, हमारी संख्या बढ़ते-बढ़ते 207 तक पहुंच गई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: