नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी यात्री बस, तीन की मौत, 16 घायल

  • Oct 26, 2026
Khabar East:Passenger-bus-rams-into-a-truck-parked-on-the-national-highway-three-dead-16-injured
बिलासपुर,26 अक्टूबरः

बिलासपुर रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5:30 बजे अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में ड्राइवर, हेल्पर और एक यात्री है। यात्री बस क्रमांक CG 04 NM 0859 में कुल 22 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस ने सड़क पर खड़े ट्रक क्रमांक सीजी-07-बीएल-4370 को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तीन लोगों की मौत हो गई और 16 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। उसके पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर भी लगाए गए थे।

 हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त बस में कुछ यात्री फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद ली गई। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: