‘विरासत के साथ विकास’ की सोच के अनुरूप है केंद्रीय बजटः सीएम माझी

  • Feb 01, 2026
Khabar East:Union-Budget-2026–27-Aligns-With-Development-With-Heritage-CM-Majhi
भुवनेश्वर,01 फरवरीः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी, समावेशी और विरासत के साथ विकासकी परिकल्पना के अनुरूप बताया। माघ पूर्णिमा और संत गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बजट प्रस्तुत करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी।

सोशल मीडिया मंच एक्सपर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान करता है, किसानों को सुरक्षा, उद्यमियों को प्रोत्साहन, मध्यम वर्ग को राहत और श्रमिकों को सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि बजट में नवाचार, विनिर्माण और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है, साथ ही कृषि, ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचा, पर्यटन, संस्कृति और ज्ञान परंपराओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सशक्त किया गया है।

 ओडिशा को होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि प्रस्तावित रेयर अर्थ कॉरिडोर से राज्य में खनिज प्रसंस्करण, अनुसंधान और उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जलमार्ग-5 (एनडब्ल्यू-5) के संचालन से खनिज-समृद्ध और औद्योगिक क्षेत्रों का बंदरगाहों से संपर्क स्थापित होगा, जिससे कम लागत और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन संभव होगा। जलमार्ग के किनारे स्थापित कौशल विकास केंद्र स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे।

 मुख्यमंत्री ने पूर्वी घाटों में टर्टल ट्रेल्स और माउंटेन ट्रेल्स जैसी संरक्षण आधारित पर्यटन पहलों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन कदमों से जैव विविधता की रक्षा होगी, स्थानीय समुदायों को सशक्त किया जाएगा और ओडिशा को प्रकृति एवं साहसिक पर्यटन के वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री माझी ने आगे कहा कि एमएसएमई, स्टार्टअप्स और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर भारत की नींव और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सुशासन के माध्यम से यह बजट भारत के वर्तमान और भविष्य के विकास के लिए मजबूत आधार तैयार करता है।

 प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बताया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: