केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल को लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मेघवाल ने कहा कि यह भारत और देश के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में देश ने सुशासन और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ से देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री ने श्रीमंदिर परिसर स्थित अरुण स्तंभ के पास दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान पुरी के सांसद, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शुभचिंतक भी उपस्थित रहे।
मेघवाल ने यह भी कहा कि आज देशभर के विभिन्न मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल्याण और दीर्घायु के लिए विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।