छठ पूजा में बिहार के लिए चलेंगी 14 नयी बसें

  • Sep 09, 2026
Khabar East:14-new-buses-to-run-for-Bihar-during-Chhath-Puja
पटना,09 सितंबरः

छठ पूजा से पहले बिहार के प्रवासी मजदूरों और अन्य राज्यों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) जल्द ही बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 14 नए अंतरराज्यीय रूटों पर बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही पिछले करीब 10 वर्षों से संचालित 25 पुराने रूटों के समझौते को आगे बढ़ाने पर भी दोनों राज्यों के बीच सहमति बनी है। नई बस सेवाओं से यूपी के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों तक बिहार के यात्रियों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। यह फैसला बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया है। उत्तर प्रदेश से लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि नए रूटों के संचालन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर दिल्ली, नोएडा, लखनऊ और कानपुर से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को सरकारी बसों के जरिए सीधी, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

 परिवहन मंत्री ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के लिए 150 नई बसें आने वाली हैं। इनमें से करीब 80 बसें पहुंच चुकी हैं। शेष 70 बसें भी जल्द आने की उम्मीद है। इन बसों का इस्तेमाल विशेष रूप से उन राज्यों में अंतरराज्यीय सेवा बढ़ाने में किया जाएगा, जहां बिहार के बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर रहते हैं। मंत्री के मुताबिक, छठ पूजा के समय इन नई बसों को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत ऐसे क्षेत्रों के लिए चलाने की तैयारी है, जहां बिहार के प्रवासी कामगारों की संख्या अधिक है। ये सभी एसी बसें हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: