बाहुबली अनंत सिंह की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

  • Apr 21, 2024
Khabar East:Bahubali-Anant-Singhs-health-deteriorated-admitted-to-hospital
पटना,21 अप्रैलः

बिहार के पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह की जेल में अचानक तबीयत बिगड़ गयी है, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें पटना के आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। अनंत सिंह को किडनी से संबंधित समस्या के बाद अस्पताल में एडमिट कराया गया है। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी उनकी तबीयत खराब हो गयी थी। डॉक्टरों के मुताबिक उनका क्रिएटिनिन लेवल काफी बढ़ा हुआ है लिहाजा डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। सालभर पहले भी अनंत सिंह की तबीयत बेहद खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के पीएमसीएच के आईसीयू वॉर्ड में भर्ती कराया गया था। उसवक्त वे सांस की समस्या से जूझ रहे थे। बॉडीपेन के साथ-साथ लगातार उल्टियां हो रही थी। आपको बता दें कि मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह एके-47 मामले में पटना की बेउर जेल में बंद हैं। उन्हें 10 साल की सजा हुई है। छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह मोकामा से 5 बार विधायक रहे हैं। 2005 में विधानसभा चुनाव से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी।

 अनंत सिंह किसी जमाने में सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी थे। लेकिन बाद में संबंधों में खटास आ गई थी। हालांकि, संबंधों में एकबार फिर सुधार आया है। हाल ही में उनकी विधायक पत्नी नीलम देवी ने आरजेडी कोटे से विधायक होने के बाद विश्वास मत के दौरान वे सत्तापक्ष के साथ दिखी थीं। वे अब जेडीयू का साथ देने लगी हैं। फिलहाल वे मुंगेर से जेडीयू के लोकसभा प्रत्याशी ललन सिंह के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: