पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने राज्य में किसी बड़ी साजिश और अवैध नेटवर्क का पता लगाया है। एसटीएफ की टीम ने गुरुवार तड़के बीरभूम जिले के मुराराई थाना क्षेत्र में एक अवैध परिसर में छापेमारी कर विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। दूसरे समानांतर अभियान में कोयला क्षेत्र (आसनसोल-दुर्गापुर) से अवैध हथियारों का जखीरा मिला है। एसटीएफ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मुराराई थाना क्षेत्र के बारोया गोपालपुर गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी में 1,150 जिलेटिन की छड़ें, 989 डेटोनेटर और 12,000 मीटर डेटोनेटिंग कॉर्ड यानी तार भी बरामद हुए हैं।
इस मामले में एसटीएफ ने मौके से 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों की पहचान राजग्राम निवासी मोहम्मद रजा शेख उर्फ गुड़ा और सूरी के तिलपारा निवासी मुकेश सिंह के रूप में हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ के आतंकवाद विरोधी दस्ते ने भी जांच अपने हाथ में ले ली है.। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इतने विस्फोटकों का इस्तेमाल कहां होना था। इसका उद्देश्य क्या था। कहीं किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी तो नहीं थी।
एक दूसरी कार्रवाई में एसटीएफ ने अवैध हथियारों के एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। जामुड़िया थाने में दर्ज केस संख्या 310/26 के तहत कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने कुख्यात असामाजिक तत्व और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े आरोपी एसके शाहजहां के ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद किया है।